Asian Games 2026 के सेमीफाइनल में आज शेफाली वर्मा का ऐसा अंदाज देखने को मिला, जिसके सामने बांग्लादेश के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। भारत की इस धाकड़ बल्लेबाज ने तूफानी पारी खेलते हुए सिर्फ 49 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। खास बात यह है कि शेफाली का यह पहला T20 इंटरनेशनल शतक भी है। इसके साथ उन्होंने एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
क्रीज़ पर आते ही गेंदबाजों पर टूट पड़ीं शेफाली
इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। शुरुआत से ही स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने रन बरसाने शुरू कर दिए। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 72 रनों की बनाए। स्मृति 37 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन दूसरी तरफ शेफाली का बल्ला रुकने का नाम नहीं ले रहा था। शेफाली ने बांग्लादेश के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 9 छक्के और 3 चौके लगाए।
आखिरी गेंद पर पूरा हुआ शतक
सबसे दिलचस्प बात यह रही कि शेफाली को अपना शतक पूरा करने के लिए पारी की आखिरी गेंद तक इंतजार करना पड़ा। शेफाली ने आखरी गेंद पर रन लेकर 49 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। जैसे ही शतक पूरा हुआ, भारतीय फैंस में खुशी की लहर दौड़ गई। यह शेफाली के T20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक है।
Asian Games में महिला क्रिकेट का पहला शतक
शेफाली की यह पारी इसलिए भी खास हो गई क्योंकि एशियन गेम्स के महिला क्रिकेट मुकाबलों में इससे पहले किसी बल्लेबाज ने शतक नहीं लगाया था। लेकिन शेफाली ने सिर्फ अपने T20I करियर का पहला शतक नहीं लगाया, बल्कि एशियन गेम्स में पहला शतक लगाने वाली महिला क्रिकेटर का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ बनाया 195 रन का स्कोर
शेफाली की 100 रन की नाबाद पारी के दम पर इंडिया ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन का बड़ा स्कोर बनाया। इसके बाद जब बांग्लादेश की बल्लेबाज खेलने आयी तो इंडियन गेंदबाजों ने किसी को भी क्रीज़ पर ज्यादा देर नहीं टिकने दिया और पूरी टीम को 81 रन पर ही ढेर कर दिया। इसके साथ ही इंडिया ने यह मैच 114 रनों से जीत लिया।
अब गोल्ड मेडल के लिए श्री लंका से होगा मुकाबला
इस जीत के साथ टीम इंडिया ने एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट फाइनल में जगह बना ली है। अब 22 सितंबर को फाइनल मैच में इंडिया का सामना श्री लंका से होगा।
