Smriti Mandhana: भारतीय महिला क्रिकेट की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने एक बार फिर ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। महिला एशिया कप 2026 में हांगकांग के खिलाफ खेलते हुए मंधाना ने सिर्फ एक शानदार शतक नहीं लगाया, बल्कि उन्होंने भारतीय क्रिकेट की दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज का बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
दुबई में खेले गए इस मुकाबले में मंधाना ने जिस अंदाज से बल्लेबाजी की उसे देखकर हर भारतीय फैन खुश हो गया। उन्होंने महज 64 गेंदों में 124 रन बना दिए। अपनी इस पारी के दौरान मंधाना ने 14 चौके और 7 छक्के लगाए।
Mithali Raj का बड़ा रिकॉर्ड टूटा
मंधाना की इस पारी की सबसे खास बात उनका स्कोर नहीं, बल्कि वह रिकॉर्ड रहा जो उन्होंने इस दौरान अपने नाम किया। 124 रन की पारी के साथ मंधाना ने महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज के नाम था। जिन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर में कुल 10,868 रन बनाए थे। मंधाना अब 10,880 इंटरनेशनल रन के साथ इस लिस्ट में सबसे ऊपर पहुंच गई हैं। यानी उन्होंने मिताली राज का रिकॉर्ड 12 रन से पीछे छोड़ दिया।
एक पारी और कई बड़े रिकॉर्ड
मंधाना ने हांगकांग के खिलाफ सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं तोड़ा बल्कि उनकी 124 रन की पारी महिला क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में कई जगह अपना नाम दर्ज करा गई। इस शतक के साथ मंधाना के नाम अब इंटरनेशनल क्रिकेट में 18 शतक हो गए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान Meg Lanning को पीछे छोड़कर महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इतना ही नहीं, 124 रन की यह पारी महिला एशिया कप के इतिहास में किसी बल्लेबाज का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी बन गई है।
भारत ने हांगकांग को बुरी तरह हराया
मंधाना की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 193 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। मंधाना के अलावा कोई दूसरी भारतीय बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सकी। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने भी अपना काम बखूबी किया। हांगकांग की पूरी टीम सिर्फ 56 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला 137 रन से जीत लिया। गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा सबसे सफल रहीं और उन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए। नंदनी शर्मा, प्रेमा रावत और श्रीचरणी को भी दो-दो विकेट मिले।
एशिया कप में भारत की शानदार शुरुआत
हांगकांग के खिलाफ इस बड़ी जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एशिया कप में लगातार दूसरी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है यानी अब टीम इंडिया की नजर सीधे खिताब पर है। वहीं स्मृति मंधाना के लिए यह मुकाबला उनके करियर के सबसे खास मैचों में शामिल हो गया है। एक तरफ टीम को बड़ी जीत मिली और दूसरी तरफ उन्होंने मिताली राज जैसा बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
मिताली राज ने भी मंधाना की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी। जिस रिकॉर्ड को बनाने में मिताली ने अपने लंबे इंटरनेशनल करियर में शानदार बल्लेबाजी की अब उसी रिकॉर्ड पर मंधाना का नाम लिखा जा चुका है।
अब मंधाना के नाम है बड़ा रिकॉर्ड
स्मृति मंधाना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह सिर्फ भारतीय महिला क्रिकेट की बड़ी बल्लेबाज नहीं बल्कि दुनिया की सबसे शानदार बल्लेबाजों में से एक हैं। 10,880 इंटरनेशनल रन, 18 शतक और हांगकांग के खिलाफ 124 रन — एक ही मुकाबले में मंधाना ने जो इतिहास बनाया है, वह भारतीय महिला क्रिकेट के लिए गर्व का पल है।
मिताली राज के रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर मंधाना अब महिला इंटरनेशनल क्रिकेट की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन चुकी हैं। जिस तरह से उनका करियर आगे बढ़ रहा है, आने वाले समय में उनके नाम और भी कई बड़े रिकॉर्ड जुड़ सकते हैं।
