India vs Afganistan T20: टीम इंडिया की T20 टीम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिला है। अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस टीम में कुछ पुराने चेहरों की वापसी हुई है तो एक बार फिर 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर भी भरोसा जताया गया है।
सबसे ज्यादा चर्चा संजू सैमसन की वापसी को लेकर हो रही है। सैमसन को पिछली जिम्बाब्वे T20 सीरीज में टीम में जगह नहीं मिली थी, लेकिन अब वह फिर से इस टीम का हिस्सा हैं।
15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर फिर भरोसा
टीम में एक बार फिर सबसे ज्यादा ध्यान वैभव सूर्यवंशी खींच रहे हैं। सिर्फ 15 साल की उम्र में वह भारत की T20 टीम का हिस्सा बने हैं। वैभव ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछली T20 सीरीज में भी शानदार बल्लेबाजी की थी। तीन मैचों में उनके बल्ले से 151 रन निकले थे और उनका स्ट्राइक रेट 196.10 रहा था। यही वजह है कि चयनकर्ताओं ने उन्हें आगे भी मौका देने का फैसला किया है। अब अफगानिस्तान के खिलाफ भी उनके प्रदर्शन पर सबकी नजर रहेगी।
श्रेयस अय्यर संभालेंगे टीम की कप्तानी
इस सीरीज में भी टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में रहेगी, वहीं तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। इसके अलावा टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती के साथ रवि बिश्नोई को जगह मिली है।
बुमराह की भी हुई वापसी, लेकिन फिटनेस जरूरी
भारतीय टीम में जसप्रीत बुमराह की भी वापसी हो गयी है। लेकिन वो टीम का हिस्सा होंगे या नही ये फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर होगा। इसके अलावा नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा की उपलब्धता भी फिटनेस से जुड़ी हुई है। वहीं हार्दिक पंड्या को इस टीम में जगह नहीं मिली है, जो चयन का एक बड़ा फैसला माना जा रहा है।
कब होंगे भारत-अफगानिस्तान के मुकाबले?
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीनों T20 मुकाबले नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। पहला मैच 13 सितंबर, दूसरा 15 सितंबर और तीसरा T20 मुकाबला 17 सितंबर को होगा। यही टीम आगे एशियन गेम्स में भी भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि संजू सैमसन वापसी के बाद कैसा प्रदर्शन करते हैं और 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को एक बार फिर प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है या नहीं। एक तरफ अनुभव है और दूसरी तरफ क्रिकेट की दुनिया में तेजी से अपना नाम बना रहा युवा चेहरा। अफगानिस्तान के खिलाफ यह T20 सीरीज इसी वजह से काफी दिलचस्प होने वाली है।
